दो दिनों तक ठंड से राहत, उसके बाद तापमान में फिर गिरावट के आसार

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है। बीते 24 घंटे में शहर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि दिन में पारा चढ़कर 31.2 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में रायपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य रहा, लेकिन अधिकतम तापमान औसत से करीब तीन डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि दुर्ग और राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा। आने वाले दो दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है, हालांकि इसके बाद पारे में करीब तीन डिग्री तक गिरावट आ सकती है।
ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। रात और सुबह के समय अभी ठंड महसूस हो रही है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, धूप की तपिश बढ़ने लगती है। पिछले कुछ दिनों से तेज धूप के कारण दिन में गर्माहट साफ महसूस की जा रही है। सुबह सात-आठ बजे तक ठंड रहती है, इसके बाद मौसम में तेजी से बदलाव आता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे पहले मैदानी इलाकों में ठंड का प्रभाव कम होगा, इसके बाद बस्तर और सरगुजा संभाग में भी ठंड कमजोर पड़ेगी। हालांकि फरवरी-मार्च के दौरान रात के समय हल्की ठंड बने रहने की संभावना है।
आज रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में मंगलवार सुबह हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। आज अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 15 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
