बीजापुर मुठभेड़: नेशनल पार्क में 6 माओवादी ढेर, 4 महिलाएं शामिल, DVCM दिलीप बेड़जा समेत 4 की पहचान

नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों ने बरामद किए 6 माओवादी शव, हथियार भी कब्जे में
बीजापुर (शिखर दर्शन) // बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में शनिवार, 18 जनवरी 2026 को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। सुरक्षा बलों ने दो और वर्दीधारी माओवादी कैडरों के शव बरामद किए हैं। इनके पास से एक INSAS राइफल और एक .303 राइफल भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, अब तक इस मुठभेड़ और सर्च ऑपरेशन में कुल 6 माओवादी कैडरों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली शामिल हैं। मुठभेड़ स्थल से AK-47, INSAS, कार्बाइन और .303 राइफल सहित कुल 6 ग्रेडेड हथियार भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर, डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि 17 जनवरी 2026 से डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त टीम द्वारा नेशनल पार्क क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। इस दौरान सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच कई बार रुक-रुक कर मुठभेड़ हुई।

मृत माओवादी कैडरों की पहचान नेशनल पार्क एरिया कमेटी के कुख्यात नक्सलियों के रूप में की गई है। इसमें DVCM दिलीप बेड़जा, ACM माड़वी कोसा, ACM लक्खी मड़काम और पार्टी मेंबर राधा मेट्टा शामिल हैं। दो अन्य माओवादी कैडरों की पहचान की प्रक्रिया अभी जारी है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज सुंदरराज पट्टिलिंगम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और जनकल्याण सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा बल पूरी निष्ठा और पेशेवर प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सशस्त्र माओवादियों के खिलाफ सटीक और निर्णायक अभियान आगे भी जारी रहेगा। फिलहाल, आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में सघन सर्चिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है।