उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर, मध्य व दक्षिण हिस्सों में बढ़ा तापमान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) //
उत्तर छत्तीसगढ़ के कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कुछ हिस्सों में गुरुवार को शीतलहर का प्रभाव देखा गया। वहीं राजधानी रायपुर, बिलासपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भी तापमान में इजाफा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक शीतलहर की स्थिति बनी रह सकती है। इसके बाद न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। राजधानी रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में आधा डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शुक्रवार को भी तापमान में और बढ़ोतरी के आसार हैं। इस दौरान रायपुर में अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
पिछले 24 घंटों के दौरान जारी मौसम आंकड़ों के अनुसार रायपुर में अधिकतम तापमान 27.9 डिग्री, माना में 27.2 डिग्री, बिलासपुर में 26 डिग्री, पेंड्रारोड में 23.2 डिग्री, अम्बिकापुर में 22.1 डिग्री, जगदलपुर में 29.2 डिग्री, दुर्ग में 30 डिग्री और राजनांदगांव में 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान रायपुर और माना में 13.9 डिग्री, बिलासपुर में 13.8 डिग्री, पेंड्रारोड में 10 डिग्री, अम्बिकापुर में 4.4 डिग्री, जगदलपुर में 12.6 डिग्री और दुर्ग में 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कुछ हिस्सों में शुक्रवार को भी शीतलहर चल सकती है। ऐसे में लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।



