छत्तीसगढ़ में ठंड का असर जारी, 15 जनवरी के बाद लौटेगी शीतलहर

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ के सभी इलाकों में मंगलवार को मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आने वाली नमी युक्त हवा के असर से अगले तीन दिन मौसम में स्थिरता बनी रहेगी। इसके बाद हवा की दिशा बदलने से तापमान में फिर गिरावट आने की संभावना है।
उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज और सरगुजा जिले में ठंड का असर अधिक देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दक्षिणी क्षेत्रों दंतेवाड़ा और बस्तर में भी ठंडक का अनुभव किया गया। मध्य इलाकों में फिलहाल सर्द हवाओं से राहत मिली हुई है।
राज्य में पिछले चौबीस घंटे में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.2 डिग्री और सबसे कम अंबिकापुर में 4.9 डिग्री दर्ज किया गया। सीमावर्ती इलाकों में तेज ठंड है, लेकिन पाले जमने की स्थिति में थोड़ी राहत मिली है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले तीन दिन तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है। हालांकि, 15 जनवरी के बाद हवा की दिशा बदलने से रात का तापमान सामान्य से नीचे चला जाएगा और कई क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति लौट सकती है।
रायपुर में मौसम विभाग ने बुधवार को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना जताई है। राजधानी में तापमान 14 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।



