मध्यप्रदेश

MP में घना कोहरा और सर्द हवाओं का असर: कई जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे, शहडोल सबसे ठंडा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में इन दिनों शीतलहर ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि उत्तरी हिस्सों में मावठा (हल्की बारिश/ओस जैसी बूंदें) गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 15 जनवरी से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय हो रहा है, जिसका असर राज्य के उत्तर और पूर्वी क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

तापमान में तेज गिरावट, शहडोल सबसे ठंडा
प्रदेश में रात का पारा लगातार लुढ़क रहा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान शहडोल में 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दतिया में 5.4 डिग्री, राजगढ़ और पचमढ़ी में 5.6 डिग्री, मंडला में 5.9 डिग्री और खजुराहो में 6.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ।
बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 9 डिग्री, इंदौर में 9.6 डिग्री, उज्जैन में 9.4 डिग्री और जबलपुर में 9.8 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। ग्वालियर में 5.6 डिग्री के साथ ठंड का असर सबसे ज्यादा देखा गया।

कोहरे से जनजीवन प्रभावित
आज सुबह कई जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना और रीवा में मध्यम कोहरा दर्ज किया गया। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, खजुराहो, गुना, शिवपुरी, शाजापुर और सीहोर में भी कोहरे का असर रहा। ग्वालियर-चंबल, रीवा और सागर संभाग में ठंड और कोहरा अभी बने रहने की संभावना है।

आगे क्या रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी से वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से उत्तरी हिस्सों में मावठा गिर सकता है, जिससे ठंड और बढ़ेगी। उत्तरी हवाओं के चलते रातें और ज्यादा सर्द होंगी। अगले कुछ दिनों तक कोहरा और शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है, हालांकि भारी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!