मकर संक्रांति के बाद लौटेगी कड़ाके की ठंड, छत्तीसगढ़ में 3 डिग्री तक गिर सकता है तापमान

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ठंड का असर तेज होने वाला है। मौसम विभाग के संकेतों के अनुसार मकर संक्रांति के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने की संभावना है।
फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से निचले स्तर पर नमी युक्त हवाओं का प्रवेश हो रहा है, जिसके कारण तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखी जा रही है। यही वजह है कि अगले तीन दिनों तक ठंड का असर कुछ कम रहेगा। हालांकि इससे पहले न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे जा चुका था, इसलिए ठंड पूरी तरह से कम नहीं हुई है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया। सरगुजा संभाग में ठंड अब भी बरकरार है, जबकि रायपुर सहित मध्य छत्तीसगढ़ में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले तीन दिनों में मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री तक बढ़ सकता है।
विक्षोभ का असर कम होते ही तापमान में फिर से गिरावट आएगी और ठंड की वापसी होगी। रविवार-सोमवार की दरम्यानी रात रायपुर का न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री और अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज रायपुर का मौसम
13 जनवरी को राजधानी रायपुर में सुबह के समय धुंध छाए रहने की संभावना है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान लगभग 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
