भुषण एक्का ने संभाला एसडीओपी बेमेतरा का पदभार, कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने पर रहेगा विशेष फोकस

बेमेतरा ( शिखर दर्शन ) // जिले में पुलिस प्रशासन को नया नेतृत्व मिला है। भुषण एक्का ने सोमवार 12 जनवरी 2026 को औपचारिक रूप से एसडीओपी बेमेतरा का पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के उपरांत वे जिला पुलिस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू (IPS) से सौजन्य भेंट की।
नवपदस्थ एसडीओपी भुषण एक्का ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा पुलिसिंग को जनहितैषी और संवेदनशील बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास और समयबद्ध न्याय पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
इस अवसर पर एसएसपी रामकृष्ण साहू ने नये एसडीओपी का स्वागत करते हुए कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भुषण एक्का के नेतृत्व में बेमेतरा जिले की पुलिस व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी होगी।
पदभार ग्रहण करने के पश्चात एसडीओपी बेरला विनय कुमार, निरीक्षक सोनल ग्वाला सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नये एसडीओपी से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। इस दौरान जिले की सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस कार्यप्रणाली तथा आमजन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम में स्टेनो संतोष सोनवानी सहित जिला पुलिस कार्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
