राष्ट्रीय

प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर मर्ज ने अहमदाबाद में पतंग महोत्सव में उड़ाईं पतंगें, साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को अर्पित की श्रद्धांजलि, द्विपक्षीय समझौतों पर होगी चर्चा

पीएम मोदी और जर्मन चांसलर ने साबरमती रिवरफ्रंट में अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया

अहमदाबाद ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। सोमवार सुबह जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भी भारत पहुंचे और सीधे अहमदाबाद स्थित साबरमती आश्रम पहुंचे। दोनों नेताओं ने महात्मा गांधी को नमन करते हुए उनकी मूर्ति पर पुष्पांजलि अर्पित की और तस्वीर पर धागा चढ़ाया।

गेस्ट बुक में मर्ज ने लिखा, “महात्मा गांधी की अहिंसा की अवधारणा, स्वतंत्रता की शक्ति में उनका विश्वास और हर व्यक्ति की गरिमा में उनकी आस्था आज भी लोगों को प्रेरित करती है। गांधी के आदर्श आज पहले से कहीं ज्यादा प्रासंगिक हैं और न्याय व संवाद को बढ़ावा देते हैं।”

आश्रम दर्शन के बाद पीएम मोदी और जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे, जहाँ उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने साथ में पतंग उड़ाई। इस महोत्सव में दुनिया के 50 देशों के 135 अंतरराष्ट्रीय पतंगबाज शामिल हुए, जिनमें चिली, कोलंबिया और दक्षिण कोरिया के प्रतिभागी भी शामिल हैं। रात में एलईडी लाइट से सजी पतंगों ने महोत्सव में चार चांद लगा दिए। यह महोत्सव अगले सात दिनों तक चलने वाला है।

दो दिन के भारत दौरे पर आए जर्मन चांसलर के साथ पीएम मोदी गांधीनगर में द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। इस बैठक में व्यापार, तकनीक, ऊर्जा, रक्षा और ग्रीन हाइड्रोजन डील पर चर्चा होगी।

प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। पहले दिन वे सोमनाथ पहुंचे थे, जहां सोमनाथ स्वाभिमान पर्व का आयोजन हुआ। दूसरे दिन पीएम मोदी अहमदाबाद पहुंचे और मेट्रो के फेज-2 का उद्घाटन किया। तीसरे दिन उन्होंने अंतरराष्ट्रीय काइट फेस्टिवल में भाग लिया और जर्मन चांसलर के साथ मिलकर देशवासियों और अंतरराष्ट्रीय अतिथियों के लिए उत्साहवर्धक कार्यक्रम का हिस्सा बने।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!