स्वामी विवेकानंद जयंती पर युवा दिवस समारोह: CM डॉ. मोहन यादव ने कहा- योग और सूर्य नमस्कार हमारी परंपरा, युवाओं को हताशा नहीं, आशा से भरपूर रहना चाहिए

राष्ट्रीय युवा दिवस पर भोपाल में सामूहिक सूर्य नमस्कार, सीएम मोहन यादव ने दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
भोपाल ( शिखर दर्शन ) // स्वामी विवेकानंद की जयंती एवं राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट विद्यालय, शिवाजी नगर में सामूहिक योग एवं सूर्य नमस्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विद्यार्थियों के साथ योग और सूर्य नमस्कार कर युवाओं को स्वस्थ व अनुशासित जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम में मंत्री कृष्णा गौर, मंत्री राकेश सिंह तथा महापौर भी उपस्थित रहे।
युवा दिवस पर प्रदेशभर के स्कूलों में एक साथ सूर्य नमस्कार का आयोजन किया गया। इस दौरान सुबह 9.30 से 10.15 बजे तक वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद के विचारों का ऑडियो और मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण भी किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि योग और सूर्य नमस्कार हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग हैं। योग केवल साधना नहीं, बल्कि उत्कृष्टता की ओर ले जाने का मार्ग है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी अपनाने, नियमित अध्ययन करने, पौष्टिक भोजन लेने, जंक फूड और नशे से दूर रहने तथा रोज कम से कम 30 मिनट व्यायाम करने की अपील की। साथ ही किसी एक खेल को जीवन का हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया।

सीएम ने युवाओं से कहा कि हताशा से नहीं, आशा से अपने जीवन को भरें और अपनी भावनाएं परिवार व दोस्तों से साझा करें। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व पटल पर सनातन संस्कृति का परचम लहराया और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का संदेश दिया। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सनातन संस्कृति के मूल्यों के साथ आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं में राष्ट्र निर्माण की अपार क्षमता है। स्वामी विवेकानंद युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार आज भी मार्गदर्शक हैं। अंत में सीएम डॉ. मोहन यादव ने राष्ट्रीय युवा दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वामी विवेकानंद को नमन किया।
