राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज समापन, कार्यक्रम में शामिल होंगे CM साय… भाजयुमो की स्वदेशी संकल्प दौड़ आज… कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ जारी, आज से जनसंपर्क अभियान… पढ़ें प्रमुख खबरें

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, सामाजिक और युवा गतिविधियों से भरपूर रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से लेकर विभिन्न संगठनों के कार्यक्रमों तक, प्रदेशभर में कई अहम आयोजन प्रस्तावित हैं।
सीएम विष्णुदेव साय का आज का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के दौरे पर रहेंगे। सुबह 9 बजे वे स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। दोपहर 12.30 बजे बालोद के लिए रवाना होकर 1 बजे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करेंगे। दोपहर 3 बजे वे प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी के समापन समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद शाम 4.30 बजे रायपुर लौटेंगे और शाम 7 बजे युवारत्न सम्मान समारोह में भाग लेंगे।
राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का समापन आज
बालोद में आयोजित प्रथम राष्ट्रीय रोवर-रेंजर जंबूरी का आज समापन समारोह होगा। मुख्यमंत्री साय इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उनके साथ मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। उल्लेखनीय है कि 13 जनवरी को विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें ग्राम दुधली में देश-विदेश से करीब 15 हजार रोवर-रेंजर शामिल होंगे।
कांग्रेस का ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ तेज
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस का आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी है। आज से 29 जनवरी तक पंचायत स्तर पर डोर-टू-डोर जनसंपर्क किया जाएगा। 30 जनवरी को वार्ड स्तर पर शांतिपूर्ण धरना होगा। 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरना, 7 से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा घेराव, 16 से 25 फरवरी तक क्षेत्रीय एआईसीसी रैलियां आयोजित की जाएंगी।
भाजयुमो की स्वदेशी संकल्प दौड़
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया है। यह दौड़ सुबह 7 बजे सुभाष स्टेडियम से विवेकानंद सरोवर बूढ़ा तालाब तक निकाली जाएगी, जिसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे।
ABVP की तिरंगा यात्रा आज
स्वामी विवेकानंद की 163वीं जयंती और राष्ट्रीय युवा दिवस पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। सुबह 11.30 बजे साइंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में 1000 विद्यार्थी सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन करेंगे। कार्यक्रम में रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित विधायक भी शामिल होंगे।
स्वामी विवेकानंद को पुष्पांजलि कार्यक्रम
राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर रायपुर नगर निगम के संस्कृति विभाग द्वारा सुबह 11 बजे बूढ़ा तालाब स्थित नीलाभ उद्यान परिसर में स्वामी विवेकानंद की विशाल प्रतिमा के समक्ष पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है।
रायपुर में आज के प्रमुख सांस्कृतिक-सामाजिक कार्यक्रम
- सेवा से सजी संक्रांति : रोटरी क्लब ऐलिगेंस द्वारा कोटा रोड स्थित संजीवनी वृद्धाश्रम में, अपरान्ह 3.30 बजे से।
- संगीत संध्या : मां आनंदिनी फाउंडेशन म्यूजिकल ग्रुप द्वारा विमतारा हॉल, शांतिनगर में, शाम 6 से रात 10 बजे तक।
- भागवत कथा : संत चिन्मयानंद बापूजी के श्रीमुख से, अवधपुरी मैदान गुढ़ियारी में, शाम 4 से 7 बजे तक।
कुल मिलाकर आज छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक, राजनीतिक, युवा और सांस्कृतिक गतिविधियों का व्यापक असर देखने को मिलेगा।



