कृषि इतिहास के नए अध्याय की शुरुआत, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1101 ट्रैक्टरों की रैली को हरी झंडी दिखाई, खुद ट्रैक्टर चलाकर रैली में हुए शामिल

विशेष रिपोर्ट:
भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को कृषि क्षेत्र में एक ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कोकता बायपास से 1101 ट्रैक्टरों की भव्य रैली को हरी झंडी दिखाकर इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए रैली में शामिल हुए, वहीं कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना और भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भी रैली में मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने रैली में किसानों को संबोधित करते हुए भारत की सांस्कृतिक यात्रा का उल्लेख किया, जिसमें सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण और राम मंदिर निर्माण का ऐतिहासिक प्रसंग साझा किया। उन्होंने ‘कृषक कल्याण वर्ष’ को पूरे साल चलने वाला अभियान बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य गरीब, युवा, महिला और किसानों के समग्र कल्याण को सुनिश्चित करना है।
डॉ. यादव ने बताया कि 16 विभाग मिलकर किसानों के लिए कार्य करेंगे और प्रदेश की कृषि विकास दर को 16 प्रतिशत तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। रैली के बाद मुख्यमंत्री जंबूरी मैदान पहुंचे, जहां कृषि प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया। उन्होंने आधुनिक कृषि यंत्रों और मिनी ट्रैक्टर पर बैठकर कृषि तकनीकों की जानकारी भी ली।

कृषि मंत्री कृष्णा गौर ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा, “किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश समृद्ध होगा।” उन्होंने किसानों को उद्यमी बनने की दिशा में प्रेरित किया और कृषक कल्याण वर्ष के तहत खेती को लाभकारी, तकनीक-आधारित और व्यवसायिक बनाने का लक्ष्य साझा किया।
कृषि में एग्री-टेक, ड्रोन, एफपीओ, हाइड्रोपोनिक्स और प्राकृतिक खेती जैसे नवाचारों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय में वृद्धि के लिए यह पहल निर्णायक साबित होगी। जंबूरी मैदान से प्रदेशव्यापी कृषि अभियान की शुरुआत की गई, जो मध्य प्रदेश की खेती को नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।




