धान खरीदी के बीच अवैध परिवहन पर शिकंजा, प्रशासन ने 1450 से अधिक कट्टे धान किए जब्त
सक्ती ( शिखर दर्शन ) // धान खरीदी के बीच अवैध धान परिवहन और भंडारण पर नकेल कसने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिलेभर में लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डभरा, सक्ती और जैजैपुर क्षेत्रों में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1450 कट्टा अवैध धान जब्त किया है। इस कार्रवाई से धान कारोबारियों और बिचौलियों में हड़कंप मच गया है।
डभरा क्षेत्र में 10 जनवरी की रात लगभग 2 बजे अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) विनय कश्यप के नेतृत्व में देवरघटा से धुरकोट मार्ग पर पांच ट्रैक्टरों को अवैध रूप से धान परिवहन करते हुए पकड़ा गया। जांच में प्रत्येक ट्रैक्टर में लगभग 150-150 कट्टा धान लोड पाया गया। वाहन चालकों द्वारा किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर ट्रैक्टरों सहित धान जब्त कर चौकी फगुरम में सुरक्षार्थ रखा गया है। मामले में पंचनामा तैयार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
वहीं सक्ती में एसडीएम अरुण कुमार सोम के नेतृत्व में राजस्व और मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम पोरथा निवासी मुकेश राठौर से लगभग 400 बोरी, करीब 150 क्विंटल धान जब्त किया। इसी तरह जैजैपुर में 11 जनवरी की सुबह एक ट्रैक्टर और एक मासदा वाहन से 300 बोरी धान अवैध रूप से परिवहन करते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों में लोड धान के संबंध में न तो कोई अनुमति पत्र था और न ही मंडी रसीद या टोकन, जिसके चलते वाहनों सहित धान जब्त कर चौकी जैजैपुर में रखा गया है।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की अवधि के दौरान अवैध परिवहन और भंडारण पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। पारदर्शी और सुचारू धान खरीदी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी लगातार जारी रहेंगी।




