पति की हैवानियत, पत्नी और उसकी बुआ पर पेट्रोल डालकर लगाई आग

मंदसौर ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक पति ने अपनी पत्नी और उसकी बुआ पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस सनसनीखेज वारदात में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से झुलस गईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
कोर्ट पेशी के बाद भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में दोनों की कोर्ट में पेशी हुई थी। पेशी के बाद पत्नी ममता अपनी बुआ कासूबाई के साथ नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलखूंटा पहुंची थीं। इसी दौरान आरोपी पति राजनाथ वहां आया और विवाद करने लगा। बहस के दौरान उसने पहले पत्नी ममता पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। जब बुआ कासूबाई उसे बचाने आगे आईं, तो आरोपी ने उन पर भी पेट्रोल डालकर आग लगा दी।
35 प्रतिशत तक झुलसी पत्नी, हालत गंभीर
आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और दोनों महिलाओं को बचाया। परिजन तत्काल दोनों को मंदसौर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, ममता का चेहरा, छाती और पेट बुरी तरह झुलस गया है। वह करीब 35 प्रतिशत तक जल चुकी हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। कासूबाई का भी बर्न वार्ड में इलाज जारी है।
15 साल पहले हुई थी शादी, एक साल से अलग रह रहे थे
पीड़िता ममता और आरोपी राजनाथ की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी। दोनों पिछले एक साल से अलग-अलग रह रहे थे। दंपती के तीन बेटे हैं।
परिजनों का आरोप—पहले दी थी धमकी, पुलिस ने नहीं की कार्रवाई
पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। ममता के पिता राम सिंह नाथ का कहना है कि उन्होंने तीन महीने पहले सुवासरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें दामाद द्वारा बेटी को जिंदा जलाने की धमकी देने की बात कही गई थी। आरोप है कि पुलिस ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की, यदि ऐसा होता तो यह भयावह घटना टल सकती थी।
मामले ने कानून-व्यवस्था और घरेलू हिंसा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




