Blog

9-सीटर चार्टर्ड विमान की क्रैश लैंडिंग, पायलट समेत 6 घायल; एक की हालत गंभीर

राउरकेला ( शिखर दर्शन ) // शनिवार को ओडिशा के राउरकेला स्थित रघुनाथपल्ली इलाके में जाल्दा ए-ब्लॉक के पास एक खुले मैदान में 9-सीटर चार्टर्ड विमान की क्रैश लैंडिंग हो गई। हादसे में पायलट समेत कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो पायलट और चार यात्री शामिल हैं। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, हालांकि पायलट सुशांत कुमार बिस्वाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह चार्टर्ड विमान इंडियावन एयर द्वारा संचालित किया जा रहा था और भुवनेश्वर से राउरकेला की ओर आ रहा था। राउरकेला एयरपोर्ट से करीब 10 किलोमीटर पहले विमान तकनीकी कारणों से दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान एक निजी कंपनी द्वारा संचालित होने की पुष्टि भी हुई है।

हादसे की तेज आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को सूचना दी। इमरजेंसी टीमों ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव कार्य शुरू किया। जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए राउरकेला मेडिकल कॉलेज भेजा गया। फिलहाल सभी घायल जेपी हॉस्पिटल, राउरकेला में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज और मेडिकल निगरानी जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने पूरे मामले की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों और पायलटों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए। कलेक्टर और एसपी समेत जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

वहीं, डायरेक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन ने घटना के बाद एक कंट्रोल रूम स्थापित कर सक्रिय कर दिया है। इसके लिए लैंडलाइन नंबर 0674-2596128 और मोबाइल नंबर 9861096371 जारी किया गया है। DGCA की टीम भुवनेश्वर और कोलकाता से रवाना हो चुकी है और शनिवार शाम तक राउरकेला पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा, एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम भी विस्तृत जांच के लिए रविवार तक मौके पर पहुंच सकती है। जांच और समन्वय के लिए डायरेक्टरेट ऑफ सिविल एविएशन के दो अधिकारियों को राउरकेला भेजा गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और आगे की जानकारी जांच पूरी होने के बाद साझा की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!