राजधानी में फिर चाकूबाजी, चाकू से गोदकर युवक की हत्या, आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में एक बार फिर अपराध ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फाफाडीह शराब भट्टी के पास देर रात एक युवक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। युवक की खून से लथपथ हालत में लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान फाफाडीह शराब भट्टी के पास सड़क किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अमर लोहार (29 वर्ष) के रूप में हुई है। वह देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में मृतक के गाल, पेट और हाथों पर चाकू से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे साफ है कि उसकी हत्या की गई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटना को लेकर गहरा आक्रोश जताते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल देवेंद्र नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात हत्यारों की तलाश में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।

