सीएम डॉ. मोहन आज युवाओं से करेंगे संवाद, असम दौरे पर मुख्यमंत्री… सत्ता–संगठन की अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस, बजट 2026-27 की तैयारियां तेज, कांग्रेस का ‘गांव चलो’ अभियान, भोपाल में आज भी बिजली गुल

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज बुधवार को राजधानी भोपाल में युवाओं से संवाद करेंगे। वे राष्ट्रीय युवा महोत्सव ‘विकसित भारत यंग लीडरशिप डायलॉग 2026’ के प्रथम चरण में चयनित प्रतिभागियों से रूबरू होंगे। यह संवाद सुबह 10:45 बजे समत्व भवन में होगा। इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह 10:40 बजे मंत्रालय पहुंचेंगे।
असम दौरे पर जाएंगे मुख्यमंत्री
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री दोपहर 1 बजे बीजेपी प्रदेश कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद शाम 5 बजे भोपाल से असम के लिए रवाना होंगे। रात 8:35 बजे गुवाहाटी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम गुवाहाटी में ही रहेगा।
सत्ता और संगठन की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की संयुक्त प्रेस वार्ता होगी। इसमें मुख्यमंत्री नए साल में सरकार के प्रमुख कार्यक्रमों की जानकारी देंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी अभियानों का खाका पेश करेंगे।
बजट 2026-27 की तैयारी तेज
मध्यप्रदेश में बजट 2026-27 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सभी विभागों से 15 जनवरी तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। बजट में योजनाओं पर खर्च, रोजगार सृजन, झुग्गी मुक्त शहर, पर्यावरण व ऊर्जा क्षेत्र की प्रगति, सरकारी नियुक्तियां, श्रमिक कल्याण, गो-चर व शासकीय भूमि अतिक्रमण पर कार्रवाई, तथा ‘विकसित भारत @2047’ लक्ष्यों की प्रगति शामिल होगी। बजट प्रस्तावों पर 19 से 29 जनवरी के बीच विभागीय बैठकें होंगी।
कांग्रेस का ‘गांव चलो’ अभियान जारी
प्रदेश में कांग्रेस का ‘गांव चलो’ अभियान जारी है। इसके तहत गांव-गांव में संगठन विस्तार किया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य 26 हजार ग्राम पंचायतों में पहली बार कमेटियों का गठन करना है। यह अभियान 20 फरवरी तक चलेगा।
भोपाल में आज भी बिजली गुल
राजधानी भोपाल के कई इलाकों में आज बुधवार को बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे: सेवन नगर, ओम नगर, नागार्जुन नगर, टैगोर नगर, निर्मल नगर, बैरागढ़ रोड, सिटी वॉक, आरके रेजीडेंसी सहित आसपास के क्षेत्र।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे: शबरी नगर, पटेल नगर, श्रीनगर, विजय नगर, शीतला नगर, सरदार नगर, निशातपुरा, नारियलखेड़ा सहित कई इलाके।
- सुबह 11 से दोपहर 1–3 बजे तक: पन्ना नगर, देवकी नगर, शंकर नगर, दुर्गा नगर, अमलतास फेस-1, बरखेड़ी व आसपास के क्षेत्र।
बिजली विभाग के अनुसार रखरखाव कार्य के चलते सप्लाई प्रभावित रहेगी।
