भाजपा विधायक के बेटे ने बाइक सवार युवक को कुचला, युवक गंभीर रूप से घायल, पुलिस हिरासत में आरोपी

हिट एंड रन: विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह हिरासत में, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // राजधानी रायपुर में तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि को एक गंभीर हिट एंड रन मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले में विधायक भरतपुर-सोनहत रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। वहीं अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना रात लगभग 2 बजे अग्रसेन धाम के पास हुई, जब तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, कार में विधायक के बेटे लक्की सिंह के अलावा दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे के समय लक्की सिंह कार चला रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुख्य आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में लिया। वहीं अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसके साथी आरोपियों की तलाश भी तेज़ कर दी गई है। उम्मीद है कि जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
