प्रेशर IED के चपेट में आया ग्रामीण बालक, गंभीर रूप से हुआ घायल…

बीजापुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों द्वारा प्लांट किए गए IED के चलते एक 15 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना ग्राम कोरचोली नदीपारा की है, जहां राम पोटाम, पिता स्व. लच्छु पोटाम, सुबह लेंड्रा–कोरचोली जंगल क्षेत्र की तरफ घूमने गया था। इसी दौरान वह माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर IED के विस्फोट की चपेट में आ गया।
बालक के पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उसे मौके पर ही 222 बटालियन केरिपु कैंप, कोरचोली में प्राथमिक उपचार प्रदान किया गया और बेहतर इलाज के लिए बीजापुर अस्पताल भेजा गया।
सुरक्षा बलों ने बताया कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जवान लगातार सघन सर्चिंग अभियान चला रहे हैं और माओवादियों द्वारा लगाए गए IED को ढूंढकर निष्क्रिय करने का प्रयास कर रहे हैं। बावजूद इसके, नक्सलियों ने कई स्थानों पर IED छुपा रखे हैं, जिससे ग्रामीण और सुरक्षा बलों को लगातार खतरा बना हुआ है।
घायल बालक की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है और स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है।




