मध्य प्रदेश में ठंड का डबल अटैक: शीतलहर और घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित, 15 जिलों में स्कूल बंद, भोपाल-धार में बदली टाइमिंग

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शीतलहर के साथ-साथ घना कोहरा प्रदेश के कई हिस्सों में छाया हुआ है। हालात ऐसे हैं कि न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने छतरपुर, राजगढ़, दतिया और उमरिया में सीवियर कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। सोमवार सुबह से ही भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन समेत कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिला, जिससे दृश्यता काफी कम रही।
सबसे ठंडा रहा नौगांव, 2.5 डिग्री तक गिरा पारा
प्रदेश में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे ठंडा छतरपुर का नौगांव रहा।
राजगढ़ में 5, दतिया 5.1, ग्वालियर 6.4, शिवपुरी 7, रतलाम 7.4, श्योपुर और मंडला 7.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में न्यूनतम तापमान 10.8, जबलपुर 11 और इंदौर में 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
15 जिलों में स्कूलों में छुट्टी, आंगनबाड़ी भी बंद
कड़ाके की सर्दी और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रदेश के 15 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। कई जगहों पर आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रखे गए हैं।
इंदौर में नर्सरी से आठवीं तक तीन दिन का अवकाश दिया गया है, जबकि उज्जैन में नर्सरी से पांचवीं तक एक दिन की छुट्टी रहेगी। ग्वालियर, शाजापुर, टीकमगढ़, नीमच, रतलाम सहित कई जिलों में 5 और 6 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। जबलपुर में दो दिन स्कूल और आंगनबाड़ी बंद रहेंगे।
भोपाल और धार में बदली स्कूलों की टाइमिंग
राजधानी भोपाल और धार जिले में स्कूलों की समय-सारणी में बदलाव किया गया है। यहां नर्सरी से आठवीं तक के स्कूल अब सुबह 9.30 बजे के बाद ही संचालित होंगे। श्योपुर जिले में भी यही व्यवस्था लागू की गई है।
हालांकि, 9वीं से 12वीं तक की कक्षाओं का समय पहले की तरह यथावत रहेगा।
मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने को कहा गया है।



