मध्यप्रदेश

MP Morning News: सीएम मोहन यादव का जयपुर–दिल्ली दौरा, 4667 करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर हाईलेवल बैठक, कांग्रेस का गांव चलो अभियान आज से

मध्य प्रदेश में आज सोमवार को राजनीति, विकास, खेल और शहर से जुड़ी कई अहम गतिविधियां रहेंगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जयपुर और दिल्ली के दौरे पर रहेंगे, वहीं कांग्रेस का गांव चलो अभियान भी आज से शुरू हो रहा है।

सीएम मोहन यादव का जयपुर–दिल्ली दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 10:30 बजे भोपाल से जयपुर रवाना होंगे। सुबह 11:25 बजे वे जयपुर में टीआईई ग्लोबल समिट में सहभागिता करेंगे। इसके बाद दोपहर 3:30 बजे जयपुर से दिल्ली जाएंगे, जहां राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे।

4667 करोड़ की सड़क परियोजनाओं पर दिल्ली में हाईलेवल बैठक
दिल्ली में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के बीच एमपी की लंबित सड़क परियोजनाओं को लेकर हाईलेवल बैठक होगी। भूमि अधिग्रहण और वन अनुमति के कारण 10 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं अटकी हुई हैं। 4667 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं का गतिरोध खत्म करने के लिए केंद्र–राज्य समन्वय बैठक होगी, जिसमें एनएचएआई और MoRTH के अधिकारी शामिल रहेंगे। प्रदेश में फिलहाल 61 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं क्रियान्वयन चरण में हैं।

कांग्रेस का गांव चलो अभियान आज से
कांग्रेस आज से ‘गांव चलो अभियान’ की शुरुआत करेगी, जो 20 फरवरी तक चलेगा। इस अभियान के तहत संगठन सृजन के उद्देश्य से प्रदेश की 26 हजार ग्राम पंचायतों में पहली बार ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटियों का गठन किया जाएगा। अभियान शुरू होने से पहले ही कांग्रेस को करीब 5 हजार सिफारशी आवेदन मिल चुके हैं।

दिग्विजय सिंह की पदयात्रा
पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह आज से पदयात्रा शुरू करेंगे। वे मनरेगा योजना का नाम बदलने के विरोध में यह यात्रा निकालेंगे। पदयात्रा की शुरुआत केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर से होगी।

69वीं राष्ट्रीय शालेय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ
69वीं राष्ट्रीय स्तरीय शालेय क्रीड़ा राइफल शूटिंग प्रतियोगिता 2025–26 का शुभारंभ आज होगा। स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह दोपहर 2 बजे शासकीय सुभाष उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में उद्घाटन करेंगे। प्रतियोगिता 5 से 9 जनवरी तक चलेगी, जिसमें 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका भाग लेंगे।

भोपाल में संस्कृत क्रिकेट टूर्नामेंट का आगाज
राजधानी भोपाल के शिवाजी नगर स्थित अंकुर खेल मैदान में आज से ‘संस्कृत क्रिकेट टूर्नामेंट’ की शुरुआत होगी। 9 जनवरी तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की 27 टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ी धोती-कुर्ता पहनकर खेलेंगे और मैच की कमेंट्री संस्कृत भाषा में होगी।

भोपाल में आज भी बिजली गुल
भोपाल में आज सोमवार को भी कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नवजीवन कॉलोनी, टिंबर मार्केट, सत्यज्ञान कॉलोनी, छोला क्षेत्र सहित आसपास के इलाके प्रभावित रहेंगे। इसी अवधि में कमला नगर, मौलवी नगर, पारस नगर, टैगोर नगर, विश्वकर्मा नगर, सूरज नगर, जनता क्वार्टर, हनीफ कॉलोनी, आशियाना कॉलोनी और तुलसी परिसर में भी बिजली गुल रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!