पश्चिमी विक्षोभ से बदला मौसम, बादलों के कारण बढ़ा न्यूनतम तापमान; असर खत्म होते ही फिर बढ़ेगी ठंड

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बादलों की मौजूदगी के कारण बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। माना में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 15.3 डिग्री तक पहुंच गया। हालांकि रात के तापमान में हुई इस बढ़ोतरी का ठंड पर कोई खास असर नहीं पड़ा है।
जनवरी को ठंड का मुख्य महीना माना जाता है और इसकी शुरुआत से ही ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के चलते वातावरण में नमी बढ़ी है, जिससे बादल छाए हुए हैं और न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश का सबसे अधिकतम तापमान सुकमा में 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 8.4 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान एक से चार डिग्री तक बढ़ा है। मैदानी इलाकों में रात का पारा एक से तीन डिग्री बढ़ा, जबकि सरगुजा संभाग के शहरों में तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, यह बढ़ोतरी अस्थायी है। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होते ही तापमान में फिर गिरावट आएगी, जिससे ठंड का असर और तेज महसूस होगा। अगले 24 घंटे के दौरान सरगुजा संभाग और अंबिकापुर क्षेत्र में घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज हल्की धुंध छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।



