मध्य प्रदेश में नए साल 2026 का उत्सव: उज्जैन-महाकाल और ओंकारेश्वर में भारी भीड़, टाइगर रिजर्व में भी पर्यटकों का दबदबा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // नए साल 2026 के जश्न में इस बार मध्य प्रदेश के लोगों का रुझान बदलकर होटल और क्लबों से धार्मिक और पर्यटन स्थलों की ओर हो गया है। प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर इतनी भारी भीड़ रही कि कई जगहों पर लोकल होम स्टे की बुकिंग करनी पड़ी। लोग नए साल का स्वागत कर रहे हैं, लेकिन इस बार एक अलग और आध्यात्मिक अंदाज में।
उज्जैन के महाकाल लोक को खास तौर पर 5 लाख रुद्राक्ष और 11 हजार डमरू से सजाया गया है। प्रदेश के दोनों प्रमुख ज्योतिर्लिंग महाकाल और ओंकारेश्वर में बाबा के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंचे।
नर्मदा नदी के प्रमुख स्थलों और खंडवा के हनुवंतिया टापू सहित मां नर्मदा के बैक वॉटर पर्यटन क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग नववर्ष का जश्न मनाने पहुंचे। खजुराहो जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में भारी भीड़ के कारण सात दिन पहले ही बुकिंग पूरी हो गई थी।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि उत्सव सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से मनाया जा सके।




