CM मोहन यादव का कार्यक्रम बदला: उमरिया से सीधे इंदौर जाएंगे, दूषित पानी प्रभावितों से करेंगे मुलाकात

इंदौर (शिखर दर्शन) // दूषित पानी पीने से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने कार्यक्रम में बदलाव किया है। अब वे उमरिया से भोपाल जाने के बजाय सीधे इंदौर पहुंचेंगे और वहां पीड़ित परिवारों तथा मरीजों से मुलाकात करेंगे।
मुख्यमंत्री मंगलवार से उमरिया में हैं। आज सुबह उन्होंने एलिफेंट रेस्क्यू सेंटर का दौरा किया और पाली स्थित मां बिरासनी के दर्शन किए। इसके बाद वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल हुए।
अधिकारियों के अलग-अलग आंकड़े
इंदौर में गंदे पानी से मौतों को लेकर आंकड़ों में असंगति देखने को मिली है। सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि कलेक्टर शिवम वर्मा के अनुसार चार लोग मृत पाए गए। वहीं, महापौर पुष्यमित्र भार्गव का दावा है कि भागीरथपुरा इलाके में गंदे पानी से 7 लोगों की जान गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं और कार्रवाई की स्थिति
कलेक्टर ने बताया कि 27 अस्पतालों में अब तक 147 मरीज भर्ती हैं। सभी अस्पतालों को निर्देश दिए गए हैं कि मरीजों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है और अब तक तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पिछले सात दिनों में 1,100 से अधिक लोगों का इलाज किया जा चुका है।



