मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने तोड़ा रिकॉर्ड, शहडोल में पारा 1.7 डिग्री तक गिरा

मध्य प्रदेश में नवंबर के बाद दिसंबर में भी ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। इस सीजन में पहली बार प्रदेश का पूर्वी हिस्सा भी भीषण ठंड की चपेट में आ गया है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। शहडोल जिले के कल्याणपुर में 1.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी और सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण मध्य प्रदेश में ठंड का असर तेज हो गया है। प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा, शीतलहर और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। इसी वजह से अनेक शहरों में रात का तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।

सोमवार-मंगलवार की रात शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा छतरपुर के नौगांव में 3 डिग्री, उमरिया में 3.1 डिग्री, खजुराहो में 4.4 डिग्री, राजगढ़ में 4.6 डिग्री, पचमढ़ी में 4.8 डिग्री तथा रीवा और मंडला में 5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

प्रदेश के करीब 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है। सतना में 5.2 डिग्री, भोपाल में 5.6 डिग्री, दतिया में 5.7 डिग्री, मलाजखंड में 5.8 डिग्री, इंदौर और ग्वालियर में 6.6 डिग्री, जबलपुर में 7 डिग्री और उज्जैन में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ठंड का यह सितम जारी रह सकता है और लोगों को ठंड से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!