रायपुर संभाग

कड़ाके की ठंड में होगा नए साल का स्वागत, उत्तरी व मध्य क्षेत्रों में शीतलहर का अलर्ट, बलरामपुर-रामानुजगंज में पारा 2.5 डिग्री तक लुढ़का

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश के कई जिले इन दिनों शीतलहर की चपेट में हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। सरगुजा संभाग के प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट में लगातार पाला पड़ रहा है, जिससे ठंड का असर और तेज हो गया है।

राजधानी रायपुर के माना क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि शहर के कई इलाकों में पारा 9 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया। हालांकि आधिकारिक रूप से रायपुर का न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में गिरावट के चलते दिन में भी ठंडी हवाएं चलती रहीं और ठंड का अहसास बना रहा।

मंगलवार सुबह प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सरगुजा में न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री, कोरिया में 5.6 डिग्री, सूरजपुर में 3.9 डिग्री, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 6 डिग्री, कोरबा में 8.7 डिग्री, मुंगेली में 6.8 डिग्री, राजनांदगांव में 8.5 डिग्री, दुर्ग में 8.2 डिग्री, बस्तर में 9 डिग्री और बालोद में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबिकापुर में 3.5 डिग्री सेल्सियस के साथ 30 दिसंबर अब तक का सबसे ठंडा दिन रहा। तापमान जमाव बिंदु के करीब पहुंचने से अंबिकापुर सहित आसपास के इलाकों में पाला पड़ गया, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ की सफेद परत नजर आई।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ में शीतलहर चलने की संभावना है। हालांकि आने वाले 4 से 5 दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।

रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह कुहासा छाए रहने के आसार हैं। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!