मध्यप्रदेश

खेत से लौट रही नवविवाहिता का रास्ता रोक कर मजदूर ने किया दुष्कर्म, FIR के बाद तत्काल गिरफ्तारी

शहडोल ( शिखर दर्शन ) // जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में खेत से घर लौट रही एक नवविवाहिता किसान महिला के साथ दुष्कर्म की दर्दनाक वारदात सामने आई है। धान की गहाई का काम खत्म होने के बाद घर जा रही महिला पर थ्रेसर चलाने पहुंचे मजदूर ने हमला कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थ्रेसर मजदूर ने किया पीछा, रास्ते में रोकर खींच ले गया खेत की ओर
पीड़िता की सास ने खेत में धान की गहाई के लिए मजदूर बुलाया था। काम खत्म होने के बाद सास ने बहू को घर जाने के लिए कहा। महिला पैदल ही गांव की ओर लौट रही थी। इसी दौरान थ्रेसर पर काम करने वाला मजदूर बिन्नू बैगा बाइक से उसके पीछे-पीछे पहुंच गया।
रास्ते में उसे देखकर महिला ने कदम तेज कर दिए, लेकिन आरोपी ने पीछा कर रास्ता रोका और पीछे से पकड़कर जबरन खेत की ओर खींच ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने मदद के लिए चीख-पुकार भी की, लेकिन आसपास कोई मौजूद नहीं था, जिससे आरोपी बेखौफ वारदात को अंजाम देता रहा।

सास को बताई घटना, थाने पहुंचकर दर्ज कराई FIR
किसी तरह घटना के बाद महिला घर पहुंची और पूरी बात सास को बताई। दोनों तुरंत जैतपुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी बिन्नू बैगा को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।

1 साल पहले हुई थी शादी, घटना के समय पति था बाहर
दुष्कर्म का शिकार महिला की शादी को एक साल भी पूरा नहीं हुआ है। वारदात के समय उसका पति मजदूरी के सिलसिले में दूसरे राज्य में था और हाल ही में लौटा है। पीड़िता सास-ससुर के साथ रहती है।

ASP ने की कार्रवाई की पुष्टि
शहडोल ASP अभिषेक दिवान ने बताया कि धान की गहाई कर लौट रही महिला का पीछा कर मजदूर ने रास्ता रोककर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!