भारत ने पाकिस्तानी विमान को दी ओवरफ्लाइट क्लीयरेंस, दित्वा चक्रवात राहत मिशन के लिए खोला एयरस्पेस

भारत ने मानवीय आधार पर पाकिस्तान के विमान को अपना एयरस्पेस उपयोग करने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति श्रीलंका में आए चक्रवात दित्वा के बाद चलाए जा रहे राहत अभियान के लिए दी गई। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान ने 1 दिसंबर दोपहर एक बजे भारत से अपने विमान को भारतीय हवाई क्षेत्र से गुजरने की अनुमति मांगी थी, जिसे भारत ने उसी दिन शाम साढ़े पाँच बजे तुरंत मंजूरी दे दी।
पाकिस्तानी मीडिया के कुछ चैनलों ने दावा किया था कि भारत ने ओवरफ्लाइट क्लीयरेंस देने से मना कर दिया, लेकिन भारतीय अधिकारियों ने इन दावों को सख्ती से खारिज किया। भारत ने स्पष्ट किया कि अनुमति न केवल दी गई, बल्कि मानवीय कार्यों के प्रति भारत की प्रतिबद्धता दिखाते हुए बेहद तेजी से दी गई थी।
न्यूज़ एजेंसी एएनआई के अनुसार, यह उड़ान श्रीलंका में बाढ़ प्रभावित इलाकों में मानवीय सहायता लेकर जा रही थी। भारत ने राहत सामग्री की तात्कालिक जरूरत को देखते हुए रिक्वेस्ट को कुछ ही घंटों में प्रोसेस कर दिया।
भारत का ‘ऑपरेशन सागर बंधु’
चक्रवात दित्वा के बाद श्रीलंका में आई भारी तबाही से हालात गंभीर हैं। सैकड़ों लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों परिवार विस्थापित हो गए हैं। आपातकाल की स्थिति में राहत कार्य तेज़ी से चल रहे हैं।
इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से बातचीत कर गहरी संवेदना जताई और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। भारत ने ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत नौसेना के जहाजों और बचाव दलों को बड़ी मात्रा में राहत सामग्री के साथ श्रीलंका भेजा है।
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने संकट की घड़ी में भारत की त्वरित सहायता की सराहना करते हुए कहा कि भारत हमेशा मुश्किल समय में साथ खड़ा रहता है।

श्रीलंका इस समय दित्वा चक्रवात की लगातार मार झेल रहा है, ऐसे में भारत की मदद उसके लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।



