एरिया डोमिनेशन के दौरान IED विस्फोट, महिला आरक्षक गंभीर घायल – बेहतर इलाज के लिए रायपुर एयरलिफ्ट

सुकमा ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। थाना फूलबगड़ी क्षेत्र के गोगुंडा जंगल की पहाड़ी में एरिया डोमिनेशन के दौरान जिला पुलिस बल की एक महिला आरक्षक IED ब्लास्ट की चपेट में आ गई, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना आज दोपहर करीब 1:30 बजे की है। पुलिस टीम नियमित गश्ती अभियान पर निकली थी, इसी दौरान माओवादी नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED में विस्फोट हो गया। ब्लास्ट में महिला आरक्षक के पैर में गंभीर चोट आई है। साथी जवानों ने तुरंत मौके पर प्राथमिक उपचार देकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घायल महिला आरक्षक को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर एयरलिफ्ट किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम उसके उपचार के लिए तैयार है।
उधर, घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि माओवादियों के विरुद्ध अग्रिम कार्रवाई की जा रही है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।
सुकमा जिले में लगातार नक्सली गतिविधियों को देखते हुए सुरक्षा बलों की ओर से एरिया डोमिनेशन और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिए गए हैं।



