धर्मेंद्र का निधन: बॉलीवुड ने खोया अपना ‘ही-मैन’

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का उनके घर पर निधन हो गया। उनके जाने की खबर लगते ही फिल्म उद्योग में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार ने बताया कि कुछ समय से उनकी सेहत ठीक नहीं थी और घर पर ही उनका उपचार चल रहा था।
धर्मेंद्र के निधन की पुष्टि होते ही उनके निवास पर परिवार के सदस्य और करीबी पहुंचने लगे। उनकी पत्नी व अभिनेत्री हेमा मालिनी भी सफेद साड़ी में नज़र आईं। घर के बाहर से उनके पोते करण देओल की तस्वीर सामने आई है, जिसमें वे बेहद दुखी दिखाई दे रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र का अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट में किया जाएगा। सीमित संख्या में लगभग 50 लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।
धर्मेंद्र के निधन से पूरे बॉलीवुड में शोक है। कई सेलेब्रिटी और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इससे पहले भी, बीते दिनों उनकी सेहत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद उनके निधन की गलत खबरें भी फैल गई थीं, जिन्हें बाद में परिवार ने खारिज कर दिया था।
फिल्मी दुनिया में ‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र ने अपने लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए और हिंदी सिनेमा में अमिट छाप छोड़ी। उनके निधन से भारतीय फिल्म उद्योग ने एक युग को खो दिया है।