CG Morning News : CM साय आज जाएंगे दिल्ली… धान खरीदी में अव्यवस्था पर कांग्रेस का हमला… SIR पर आज भाजपा की अहम बैठक… पढ़ें सुबह की प्रमुख खबरें

धान खरीदी में अव्यवस्था पर कांग्रेस का वार: एग्रीस्टैक पोर्टल अपडेट न होने से किसानों को भारी परेशानी
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // कांग्रेस ने प्रदेश में धान खरीदी के दौरान सोसाइटियों में फैली अव्यवस्था और एग्रीस्टैक पोर्टल में तकनीकी अपडेट की कमी को लेकर सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी का कहना है कि अव्यवस्थित खरीद-प्रक्रिया और पोर्टल के अधूरे डाटा के कारण हजारों किसान टोकन नहीं मिलने से परेशान हैं।
पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया कि एग्रीस्टैक पोर्टल में वर्ष 2023 के बाद खातों में परिवर्तन, बंटवारा और फौती की जानकारी अपलोड ही नहीं की गई है, जिससे कई किसानों का पंजीयन आज तक लंबित है। उन्होंने कहा कि सोसायटी के कम्प्यूटर में पोर्टल का पूरा डाटा नहीं चढ़ने से टोकन कटाने पहुंचे किसानों को सिस्टम ‘डेटा नॉट फाउंड’ दिखा रहा है।
बैज के अनुसार जिस समय एग्रीस्टैक पोर्टल में डाटा अपडेट होना था, उस दौरान सोसायटी के कम्प्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर थे। इससे किसानों की समस्याएं बढ़ीं और खरीदी प्रक्रिया प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि सरकार ने 21 क्विंटल प्रति एकड़ खरीद की घोषणा की थी, लेकिन कई सोसाइटियों में गिरदावरी और अनावरी के आधार पर 15 से 19 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा तय कर टोकन काटे जा रहे हैं। इससे यह स्पष्ट है कि सरकार पूर्ण धान खरीदी की नीयत से पीछे हट रही है।
एसआईआर को लेकर आज भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक
रायपुर. एसआईआर मामले को लेकर भाजपा की एक अहम बैठक आज दोपहर 3 बजे एकात्म परिसर में आयोजित की गई है। बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, सांसद संतोष पाण्डेय, बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू सहित वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
बैठक में सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, महापौर, सभापति, नगर पंचायत अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष, प्रदेश-जिला पदाधिकारी, कार्यसमिति सदस्य, निगम-मंडल-आयोग के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी एवं मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच: आज से ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू
नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 3 दिसंबर को होने वाले भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के लिए आज ऑफलाइन टिकट बिक्री शुरू हो गई। सुबह 10 बजे से इंडोर स्टेडियम में टिकट काउंटर खोले गए हैं।
ऑनलाइन टिकट कुछ ही मिनटों में सोल्ड-आउट हो चुके थे, जिससे ऑफलाइन काउंटर पर भीड़ बढ़ने की संभावना है। व्यवस्थाओं के लिए अतिरिक्त काउंटर लगाए गए हैं। छात्र अपनी वैध आईडी दिखाकर टिकट खरीद सकते हैं।
रायपुर में आज के प्रमुख सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम
श्रीराम कथा
- कथाव्यास: अभिनंदन महाराज वृंदावन
- स्थान: नेताजी चौक, न्यू शांतिनगर स्थित श्रीवैष्णो माता मंदिर परिसर
- समय: दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक
श्रीराम लीला महोत्सव
- प्रस्तुति: उत्तरप्रदेश, काशी की मंडलियां
- स्थान: हनुमान मंदिर, रेलवे स्टेशन परिसर
- समय: शाम 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक
स्वदेशी मेला
- संस्था: भारतीय विपणन विकास केंद्र
- स्थान: साइंस कॉलेज मैदान, जीई रोड
- समय: सुबह 10:30 बजे से रात 9:30 बजे तक
योग-क्लास
- संस्था: सत्यदर्शन योगाश्रम
- स्थान: योगाश्रम भवन, सिविल लाइन
- समय: शाम 5 बजे से 6 बजे तक



