छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड से राहत: पूर्वी हवा के असर से बढ़ा न्यूनतम तापमान, अगले 3 दिनों तक रहेगा ऐसा ही मौसम

रायपुर (शिखर दर्शन) // पूर्वी हवा के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में जारी शीतलहर का असर अब थम गया है। प्रदेश में रात के समय हल्की ठंड महसूस हो रही है, जबकि दिन में तापमान बढ़ने से गर्माहट का अहसास हो रहा है। जहां कुछ दिनों पहले राज्य का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया था, वहीं अब यह बढ़कर करीब 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर में भी ठंड का असर सिर्फ सुबह के समय ज्यादा महसूस हो रहा है, जबकि आउटर इलाकों में इसका प्रभाव अपेक्षाकृत अधिक है।
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी हवा का असर प्रदेश में दिखाई दे रहा है और इसी कारण कड़ाके की ठंड में कमी आई है। यह स्थिति अगले 2 से 3 दिन तक बनी रह सकती है। इसके बाद जब हवा का रुख पुनः उत्तर दिशा की ओर होगा, तब तापमान में दोबारा गिरावट की संभावना है। वर्तमान में प्रदेश के कई इलाकों में ठंड अपनी सामान्य स्थिति में लौट चुकी है।
हाल ही में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो चार दिन पहले 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। वहीं राजधानी रायपुर में भी 13 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का तापमान अब केवल सुबह के समय ही ठंड का अहसास करा रहा है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आकाश पूरी तरह साफ रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास और अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिन के समय हल्की गर्माहट और रात में हल्की ठंड का मिश्रित प्रभाव बना रहेगा।



