17 नवंबर से बढ़ेगी नमी, ठंड में मिलेगी हल्की राहत; सरगुजा संभाग सहित कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड से जूझ रहे लोगों को अभी राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 72 घंटे तक तापमान में खास बढ़ोतरी नहीं होगी। उत्तरी हवाओं के प्रभाव से फिलहाल न्यूनतम तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 17 नवंबर के बाद नमी बढ़ने से तापमान में बढ़ोतरी शुरू होगी, हालांकि बारिश की कोई संभावना नहीं है और प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क ही रहने वाला है।
इस समय सरगुजा संभाग, दुर्ग और राजनांदगांव में शीतलहर जैसे हालात बने हुए हैं, जबकि बाकी जिलों में भी लोग कंपकंपाने वाली ठंड का सामना कर रहे हैं।
तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे
रायपुर में न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान भी 29 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। माना में रात का तापमान 11 डिग्री तक गिर गया।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि यहां न्यूनतम तापमान मात्र 10 डिग्री रहा। सबसे ठंडा अंबिकापुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 26.9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बिलासपुर का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री रहा। वहीं राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में आज आकाश साफ रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।



