रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का संवेदनशील पहल: जनदर्शन में सेरेब्रल पाल्सी पीड़ित पूनम की पढ़ाई का जिम्मा लिया, दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी को दी ₹90 हजार की मदद

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को अपने जनदर्शन कार्यक्रम में संवेदनशीलता और मानवीयता की मिसाल पेश की। मुख्यमंत्री निवास में दूर-दराज से आए लोगों से मिलते हुए उन्होंने कई समस्याओं का त्वरित समाधान किया। इस दौरान रायपुर की सेरेब्रल पाल्सी पीड़ित बिटिया पूनम और अभनपुर के दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू की सहायता कर मुख्यमंत्री ने लोगों का दिल जीत लिया।

जनदर्शन की शुरुआत में ही मुख्यमंत्री साय से तेलीबांधा निवासी 11 वर्षीय बिटिया पूनम और उसकी माता ने मुलाकात की। पूनम की माता ने बताया कि वह सेरेब्रल पाल्सी से पीड़ित है और बोलने में असमर्थ है, लेकिन इसके बावजूद वह अपने पैरों से बेहद सुंदर चित्र बनाती है। मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक बिटिया से बातचीत की, उसे दुलार दिया और उसकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने पूनम की पढ़ाई के लिए विशेष विद्यालय में भर्ती कराने और छात्रवृत्ति प्रदान करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने माता को भरोसा दिलाया कि, “हम आपके साथ हैं, आपकी बिटिया का भविष्य सुरक्षित रहेगा।”

वहीं जनदर्शन के दौरान अभनपुर से आए दिव्यांग रग्बी खिलाड़ी पिंटू राम साहू ने अपनी खेल आवश्यकताओं के लिए आर्थिक सहायता की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने उनकी परिस्थितियों को समझते हुए तत्काल 90 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की और उन्हें चेक प्रदान किया। पिंटू ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से व्हीलचेयर रग्बी से जुड़े हैं और हाल ही में ग्वालियर में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लिया था।

मुख्यमंत्री की इस पहल से पिंटू ने गहरी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग उनके खेल जीवन के लिए प्रेरणास्रोत साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस समर्थन से वह अपने सपनों को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन में हुई यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि सरकार न केवल जनता की समस्याओं को सुन रही है, बल्कि संवेदना और तत्परता के साथ समाधान भी कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!