सरकारी स्कूल में छात्र पर चाकू से हमला: क्लासमेट ने पीठ और कंधे पर किए वार, अस्पताल में भर्ती
भिलाई के स्वामी आत्मानंद स्कूल में चाकूबाजी: क्लासमेट ने छात्र पर किया घातक हमला, पीठ और कंधे पर चाकू से वार
दुर्ग (शिखर दर्शन) // भिलाई के सेक्टर-7 स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल में सोमवार को एक चौंकाने वाली घटना हुई, जब एक ही कक्षा में पढ़ने वाले दो छात्रों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि एक छात्र ने अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में घायल छात्र की पीठ और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी ऑटो चालक रमेश महतो का बेटा रवि महतो स्वामी आत्मानंद स्कूल में पढ़ता है। सोमवार को किसी बात को लेकर उसकी क्लास में पढ़ने वाले छात्र विकास बाघ से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि विकास ने गुस्से में आकर रवि पर चाकू से कई वार कर दिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पिता रमेश महतो स्कूल पहुंचे और घायल बेटे को तत्काल शासकीय अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। परिजनों ने हमलावर छात्र के खिलाफ भिलाई नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
