दिल्ली लाल किले के पास कार धमाका: 13 की मौत, CM साय ने जताई गहरी संवेदना , घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दिल्ली के लाल किले के समीप कार में हुए विस्फोट को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना बताया है। उन्होंने इस दुखद हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस भयावह घटना में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 30 से अधिक लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि यह घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली है। केंद्र सरकार और सभी संबंधित केंद्रीय एजेंसियां स्थिति की सतत समीक्षा कर रही हैं और प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है।
विष्णुदेव साय ने शांति और संयम बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे कायरतापूर्ण प्रयास हमारे संकल्प, साहस और राष्ट्रीय एकता को कमजोर नहीं कर सकते। उन्होंने यह भी कहा कि इस कठिन समय में देश के सभी नागरिक पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
