दिल्ली धमाके के बाद मध्य प्रदेश में हाई अलर्ट: महाकाल मंदिर समेत संवेदनशील स्थलों पर बढ़ाई गई सुरक्षा, CM और मंत्रियों की सुरक्षा कड़ी, भोपाल से पकड़े गए आतंकी से मिला फिदायीन हमले का इनपुट

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // दिल्ली के लालकिले के पास हुए धमाके के बाद मध्य प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय (PHQ) ने सभी पुलिस स्टेशनों और संबंधित अधिकारियों को हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। विशेष तौर पर महाकालेश्वर मंदिर समेत राज्य के सभी संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत सभी मंत्रियों और VVIP की सुरक्षा और कड़ी करने के आदेश जारी किए गए हैं। मध्य प्रदेश पुलिस 24×7 अलर्ट मोड पर है और खुफिया एजेंसियां भी सतर्क रहेंगी। अनजान वाहनों की लगातार चेकिंग और सीसीटीवी सर्विलांस के माध्यम से निगरानी तेज कर दी गई है। भोपाल में कमिश्नर ने भी शहर में अलर्ट जारी कर सभी संवेदनशील पॉइंट्स पर पेट्रोलिंग बढ़ा दी है।
सुरक्षा एजेंसियों को 18 अक्टूबर को भोपाल से पकड़े गए संदिग्ध आतंकी अदनान से अहम इनपुट मिले थे। जांच में पता चला कि अदनान सीरिया के ISIS कमांडर के संपर्क में था और दिल्ली में धमाकों की ऑनलाइन ट्रेनिंग ले रहा था। अदनान के चैट से यह भी जानकारी मिली कि वह फिदायीन हमलों की तैयारी कर रहा था।
