सेम्हरा पहाड़ मुठभेड़: पुलिस के मुंहतोड़ जवाब के बाद नक्सली फरार, हथियार और सामग्री बरामद

गरियाबंद (शिखर दर्शन) // गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र के सेम्हरा पहाड़ इलाके में आज पुलिस और नक्सलियों के बीच सघन मुठभेड़ हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, माओवादी सुरक्षा बलों को देखते ही फायरिंग करने लगे। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला और कुछ देर तक दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी चलती रही।
मुठभेड़ के बाद पुलिस की ई-30 टीम ने पूरे इलाके में सर्चिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान नक्सलियों के ठिकाने से रोजमर्रा के उपयोग का सामान, नक्सल साहित्य, बैनर-पोस्टर और कुछ हथियार बरामद किए गए। बरामद सामान से यह स्पष्ट हुआ कि माओवादी क्षेत्र में अपनी गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। प्रशासन ने माओवादियों से अपील की है कि वे हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट आएं और समाज की प्रगति में योगदान दें। जिला पुलिस ने साफ किया है कि नक्सल गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों पर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
