नुआपाड़ा उपचुनाव: ओडिशा में सीएम विष्णुदेव साय की चुनावी हुंकार, बोले – “भाजपा की जीत और विकास दोनों तय”

सीएम विष्णुदेव साय की ओडिशा में गरजी हुंकार: कहा – “नुआपाड़ा में भाजपा की बहुमत वाली जीत तय”, किसानों की शिकायत पर दिए तत्काल सुधार के निर्देश
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पड़ोसी राज्य ओडिशा के नुआपाड़ा विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की ओर से चुनावी शंखनाद करने जा रहे हैं। संगठन के निर्देश पर सीएम साय, विधायक पुरंदर मिश्रा और सह-प्रभारी लता उसेंडी के साथ पंचमपुर में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। रवाना होने से पहले रायपुर में मीडिया से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने आत्मविश्वास भरे अंदाज में कहा – “नुआपाड़ा में भाजपा की बहुमत वाली जीत पक्की है। हम विकास की गारंटी दे रहे हैं।”
गौरतलब है कि नुआपाड़ा विधानसभा सीट बीजेडी के दिवंगत विधायक राजेंद्र ढोलकिया के निधन से रिक्त हुई थी। इस सीट पर 11 नवंबर को मतदान और 14 नवंबर को मतगणना होगी। भाजपा ने इस उपचुनाव में 40 स्टार प्रचारकों की टीम उतारी है, जिसमें ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, अश्विनी वैष्णव और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हैं।
इसी बीच, छत्तीसगढ़ में एग्रीस्टेक पोर्टल पर रिकॉर्ड पंजीयन के बावजूद कुछ किसानों के खेत का रकबा कम दर्ज होने की शिकायतें सामने आईं। इस पर सीएम साय ने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिए कि “ई-केवाईसी में गड़बड़ियां तुरंत सुधारी जाएं और डुप्लीकेशन हटाया जाए।” बताया गया कि इस बार पिछले वर्ष की तुलना में एक लाख से अधिक किसानों ने पंजीयन कराया है। धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी, जिसके लिए पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु एक कमांड कंट्रोल सेंटर गठित किया गया है।
वहीं, बिहार में पहले चरण के मतदान से ठीक पहले पटना में आयोजित एक सभा में भी सीएम साय ने एनडीए के समर्थन में हुंकार भरी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा – “राजद और कांग्रेस ने तो पशुओं का चारा तक खा लिया, लेकिन बिहार की जनता पीएम मोदी पर भरोसा जता रही है। एनडीए स्पष्ट बहुमत से सरकार बना रहा है।”



