मध्यप्रदेश

पूर्व CM स्व. अर्जुन सिंह की 95वीं जयंती: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अर्पित की श्रद्धांजलि, बोले महत्वपूर्ण बातें

भोपाल (शिखर दर्शन) // बुधवार की सुबह मध्यप्रदेश विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. अर्जुन सिंह की 95वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, स्व. अर्जुन सिंह के पुत्र व विधायक अजय सिंह राहुल, अन्य परिजन, जनप्रतिनिधि और विधानसभा के अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि स्व. अर्जुन सिंह मध्यप्रदेश के विकास और जनहित के प्रति समर्पित नेता थे। उन्होंने समूचे प्रदेश के विकास के लिए दूरदर्शी निर्णय लिए और राजनीति में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे 1980 के दशक के सबसे प्रभावशाली नेताओं में शामिल थे। इसके अलावा वे तीन बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री और पंजाब के राज्यपाल भी रहे। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में उन्होंने देश के शिक्षा क्षेत्र और मानव संसाधन विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

डॉ. यादव ने बताया कि स्व. अर्जुन सिंह हमेशा गरीबों और पिछड़े वर्ग के हित में खड़े रहे। उन्होंने उज्जैन में सांदीपनि वेद विद्या प्रतिष्ठान की स्थापना की और वेद शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कीं। इसके अलावा, उन्होंने मानव संसाधन विकास मंत्री के रूप में उज्जैन में एक चेयर स्थापित कर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “स्व. अर्जुन सिंह वंचित वर्गों के लिए लड़ाई लड़ने में हमेशा अग्रणी रहे। उनकी दूरदर्शिता और जनहित की नीतियाँ आज भी हमारे लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उनकी 95वीं जयंती पर हम सब उनका पुण्य स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!