बिलासपुर रेल हादसा: मृतकों के परिजनों को 10 लाख, घायलों को 5 लाख और 1 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पास मंगलवार को हुई ट्रेन दुर्घटना को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताया है। उन्होंने दुर्घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्माओं की शांति व शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को 5 लाख रुपये और सामान्य रूप से घायल यात्रियों को 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि घायलों के समुचित और निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है और जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तुरंत प्रभाव से तेज़ी से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्य में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
रेल प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ किए गए हैं। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा घायलों को शीघ्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। रेलवे प्रशासन प्रभावित यात्रियों को हरसंभव सहायता और समन्वय प्रदान कर रहा है।
इस घटना की विस्तृत जांच रेलवे सुरक्षा आयुक्त (CRS) स्तर पर कराई जाएगी, ताकि हादसे के कारणों की समुचित जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें।
यात्री एवं उनके परिजनों की सुविधा हेतु जारी आपातकालीन संपर्क नंबर:
• बिलासपुर – 7777857335, 7869953330
• चांपा – 8085956528
• रायगढ़ – 9752485600
• पेंड्रा रोड – 8294730162
• कोरबा – 7869953330
• उसलापुर – 7777857338
रेल प्रशासन स्थिति पर निरंतर नजर रखे हुए है और समुचित राहत, बचाव एवं सहायता सुनिश्चित कर रहा है।



