बिलासपुर रेल हादसा: सीएम साय ने जताया गहरा शोक, कलेक्टर से वीडियो कॉल कर प्राप्त की घटना की जानकारी

रायपुर / बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को कोरबा पैसेंजर ट्रेन और एक मालगाड़ी के बीच हुई भीषण टक्कर ने पूरे प्रदेश को शोक में डाल दिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल से वीडियो कॉल के माध्यम से घटना की जानकारी ली।
सीएम साय ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि यह समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि कलेक्टर से जानकारी लेकर प्रभावितों को हरसंभव सहायता और राहत कार्य के निर्देश दिए गए हैं। राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
बताया गया कि इस हादसे में अब तक 4 यात्रियों की मौत की पुष्टि की गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर जारी है और रेलवे व प्रशासन की टीम तत्काल राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक संसाधन और चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

सीएम साय ने कहा कि राज्य सरकार पूरी तत्परता और संवेदनशीलता के साथ स्थिति पर नजर रख रही है और सभी प्रभावितों की मदद के लिए हर संभव कदम उठाया जा रहा है।



