रायपुर संभाग

सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने रचा इतिहास: एक दिन में सर्वाधिक शिशु हृदय मरीजों की उपस्थिति से बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // सत्य साई संजीवनी अस्पताल ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए विश्व पटल पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। अस्पताल ने एक ही दिन में सर्वाधिक शिशु हृदय मरीजों की उपस्थिति दर्ज कर नया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। यह रिकॉर्ड पूर्व में 1020 मरीजों का था, जिसे अस्पताल ने 1758 मरीजों की उपस्थिति से तोड़ दिया।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के आधिकारिक निर्णायक स्वप्निल ने सत्य साई सौभाग्यम् में आयोजित भव्य समारोह में इस नई उपलब्धि की औपचारिक घोषणा की। यह ऐतिहासिक आयोजन पूरे भारत से आए बाल हृदय रोगियों की सहभागिता से संभव हुआ, जिनमें पूर्वोत्तर के नागालैंड और मणिपुर जैसे राज्य भी शामिल रहे।

समारोह में सभी 1758 शिशु हृदय रोगी हरे, केसरिया और सफेद रंग की टी-शर्ट पहनकर तिरंगे के आकार में बैठकर राष्ट्रीय एकता और मानवीय सेवा का अद्भुत संदेश दे रहे थे। उल्लेखनीय है कि इन सभी बच्चों का अस्पताल में निःशुल्क हृदय ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया है।

गिनीज निर्णायक स्वप्निल ने बताया कि आयोजन ने रिकॉर्ड के लिए आवश्यक सभी सख्त मानदंडों को पूरा किया है। इस अवसर पर पद्मभूषण क्रिकेटर सुनील गावस्कर, सत्य साई स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट के न्यासी विवेक गौर सहित कई गणमान्य व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

अस्पताल के अध्यक्ष डॉ. सी. श्रीनिवास ने इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ राज्य और अस्पताल की संपूर्ण शल्य चिकित्सा एवं चिकित्सा टीमों को समर्पित करते हुए इसे भगवान सत्य साई बाबा के 100वें जन्मवर्ष को समर्पण बताया। उन्होंने कहा, “यह केवल एक रिकॉर्ड नहीं, बल्कि 13 वर्षों की निःस्वार्थ सेवा का प्रमाण है। रायपुर अब देशभर के बाल हृदय रोगियों का प्रमुख गंतव्य बन चुका है।”

उन्होंने आगे कहा कि अस्पताल वास्तव में “हृदय के आकार का अस्पताल” है, जहां न कोई कैश काउंटर है और न ही उपचार का कोई शुल्क। उन्होंने सभी मरीजों और उनके परिवारों का रायपुर आने के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि हजारों बच्चे अब स्वस्थ होकर खेल, शिक्षा और कराटे जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सत्य साई बाबा की कृपा का प्रतीक है।

यह ऐतिहासिक उपलब्धि 28 से 30 अक्टूबर 2025 तक आयोजित मेगा पीडियाट्रिक कार्डियक कैंप का परिणाम है, जिसमें सभी मरीजों का पंजीकरण, जांच, 2D इको और व्यक्तिगत रिपोर्ट वितरण किया गया। गिनीज रिकॉर्ड में भागीदारी से पहले सभी की फिटनेस जांच भी की गई थी।

सत्य साई संजीवनी अस्पताल की यह उपलब्धि न केवल चिकित्सा जगत में एक नई मिसाल है, बल्कि यह मानवता, सेवा और राष्ट्रीय एकता का प्रेरक उदाहरण भी है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!