रायपुर संभाग

छत्तीसगढ़ रजत जयंती पर पीएम मोदी का रायपुर दौरा: नया विधानसभा भवन, ट्राइबल म्यूजियम और अटल प्रतिमा का करेंगे लोकार्पण

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ की रजत जयंती के ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रायपुर के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे राज्य में विकास, संस्कृति और नवाचार के प्रतीक कई परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। प्रधानमंत्री का यह दौरा छत्तीसगढ़ की प्रगति यात्रा के 25 वर्षों को समर्पित है।

सुबह से शाम तक व्यस्त रहेगा प्रधानमंत्री का कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी सुबह 7:35 बजे दिल्ली से रवाना होकर 9:45 बजे रायपुर पहुंचेंगे। एयरपोर्ट से सीधे वे सत्य साईं हॉस्पिटल जाएंगे, जहां सुबह 10:00 से 10:35 बजे तक “दिल की बात” कार्यक्रम में भाग लेंगे। इसके बाद 10:45 से 11:30 बजे तक ब्रह्माकुमारीज के शांति शिखर भवन का उद्घाटन करेंगे।
सुबह 11:45 बजे प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण करेंगे और दोपहर 12:15 से 1:15 बजे तक नया विधानसभा भवन लोकार्पित करेंगे। इसके बाद 1:30 से 2:15 बजे तक नया ट्राइबल म्यूजियम उद्घाटन करेंगे। दोपहर 2:30 से 4:00 बजे तक वे राज्योत्सव महोत्सव में शामिल होंगे और शाम 4:25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी रहेंगे कार्यक्रम में शामिल
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। वे दोपहर 12:15 बजे नए रायपुर स्थित विधानसभा परिसर पहुंचेंगे। कार्यक्रम उपरांत 1:50 बजे राजभवन जाएंगे और शाम 5:15 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कई आयोजनों में रहेंगे उपस्थित
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 8:15 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण से अपने दिन की शुरुआत करेंगे। वे प्रधानमंत्री मोदी के साथ सत्य साईं हॉस्पिटल में “दिल की बात”, ब्रह्माकुमारीज शांति शिखर उद्घाटन, अटल बिहारी वाजपेयी प्रतिमा अनावरण और नए विधानसभा भवन के लोकार्पण में शामिल होंगे। इसके बाद वे आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय उद्घाटन और राज्योत्सव महोत्सव के शुभारंभ समारोह में भी शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ को मिलेगा नया विधानसभा भवन
राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर छत्तीसगढ़ को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया विधानसभा भवन मिलने जा रहा है। लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह भवन छत्तीसगढ़ की प्रगति और गौरव का प्रतीक बनेगा। भवन का डिजाइन बस्तर और सरगुजा की कला-संस्कृति से प्रेरित है, जिसमें ऊर्जा और जल संरक्षण की उन्नत व्यवस्था की गई है। इसमें 120 विधायकों के बैठने की क्षमता है।

देश का पहला डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम होगा समर्पित
राज्य के इतिहास में आज एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ जाएगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नया रायपुर में देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम का उद्घाटन करेंगे। लगभग 50 करोड़ की लागत से निर्मित यह संग्रहालय आदिवासी आंदोलनों, वीर नायकों और संघर्ष गाथाओं को आधुनिक तकनीक के माध्यम से साकार रूप में प्रदर्शित करेगा। यह संग्रहालय छत्तीसगढ़ की जनजातीय अस्मिता और सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बनेगा।

आज रायपुर में अन्य प्रमुख कार्यक्रम

  • संत कंवरराम पुण्यतिथि महाआरती व श्रद्धांजलि सभा
    स्थान: संत कंवरराम चौक, कटोरा तालाब
    समय: रात्रि 9:30 बजे से
  • शहीद विद्याचरण शुक्ल पुष्पांजलि कार्यक्रम
    स्थान: श्रीविद्याचरण शुक्ल उद्यान, नगर निगम मुख्यालय के सामने
    समय: सुबह 10:00 बजे
  • छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा अनावरण समारोह
    स्थान: छत्तीसगढ़ी भवन, ठाकुर प्यारेलाल सिंह मार्ग, हांडीपारा
    समय: शाम 4:00 बजे

व्यापम ने शुरू की जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट भर्ती प्रक्रिया
रायपुर। उच्च न्यायालय बिलासपुर के अंतर्गत जूनियर ज्यूडिशियल असिस्टेंट पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुक्रवार से प्रारंभ हो गए हैं। उम्मीदवार 25 नवंबर तक आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा 4 जनवरी 2026 को प्रस्तावित है। परीक्षा केंद्र रायपुर और बिलासपुर में होंगे। विस्तृत जानकारी व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

यह दिन छत्तीसगढ़ के गौरव, विकास और सांस्कृतिक विरासत के स्वर्णिम अध्याय के रूप में इतिहास में दर्ज होगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!