मध्यप्रदेश

मध्य प्रदेश में ‘मोंथा’ का असर: अगले चार दिन झमाझम बारिश के साथ बढ़ेगी ठंड, कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भोपाल (शिखर दर्शन) // चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के कमजोर पड़ने के बाद यह सिस्टम परिवर्तित रूप में मध्य प्रदेश पहुंच गया है। इसके प्रभाव से राज्य में अगले चार दिन तक झमाझम बारिश होने के आसार हैं। इसके साथ ही ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। कई जिलों में सुबह के समय कोहरा भी छाए रहने की संभावना है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को राज्य के 10 से अधिक जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्से में फिलहाल एक मजबूत सिस्टम सक्रिय है। अरब सागर में बना डिप्रेशन, बंगाल की खाड़ी में डिप डिप्रेशन और उत्तर भारत के ऊपर सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन मिलकर प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं।

आज गुरुवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, बालाघाट और मंडला जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने चेताया है कि 24 घंटे में इन इलाकों में साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है।

वहीं जबलपुर, नर्मदापुरम, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल, हरदा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, कटनी, पन्ना और सिवनी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के चलने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर की शुरुआत ठंडी और नम होगी। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। ग्रामीण इलाकों में खेतों में नमी बढ़ने से रबी फसलों की बुवाई के लिए यह बारिश फायदेमंद साबित हो सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!