राज्यपाल और मुख्यमंत्री के व्यस्त दौरे आज, राजधानी में नगर निगम बैठक और बिजली कटौती से रहेगी हलचल

भोपाल (शिखर दर्शन) // मध्यप्रदेश की राजधानी और विभिन्न जिलों में गुरुवार का दिन प्रशासनिक और जनहित गतिविधियों से भरा रहेगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वहीं, भोपाल नगर निगम की बैठक और शहर में होने वाली बिजली कटौती से जनजीवन भी प्रभावित रहेगा।
राज्यपाल पटेल सीहोर दौरे पर, करेंगे छात्रावास और एरोपोनिक्स इकाई का लोकार्पण
राज्यपाल मंगूभाई पटेल आज सीहोर जिले के दौरे पर रहेंगे। वे आरएके कॉलेज में आयोजित समारोह में शामिल होंगे और नवनिर्मित कन्या छात्रावास एवं एरोपोनिक्स इकाई का लोकार्पण करेंगे। इस कार्यक्रम में किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना और राजमाता सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अरविंद कुमार शुक्ल भी मौजूद रहेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का व्यस्त कार्यक्रम, खंडवा में नर्मदा में छोड़ेंगे मगरमच्छ
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज सुबह 10:45 बजे सीएम हाउस से ‘समेकित छात्रवृत्ति योजना’ के तहत विद्यार्थियों के खातों में छात्रवृत्ति राशि का सिंगल क्लिक से अंतरण करेंगे।
इसके बाद वे 11:30 बजे विज्ञान भवन में ड्रोन तकनीक कार्यशाला एवं एक्सपो 2025 में शामिल होंगे। दोपहर 12:45 बजे सीएम हाउस में आयोजित आभार कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वे दोपहर 3 बजे खंडवा जिले के नर्मदा नगर पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
मुख्यमंत्री यहां मां नर्मदा में मगरमच्छ छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मगरमच्छ मां नर्मदा का वाहन है और इससे नदी में जैव विविधता बढ़ेगी। राज्य में सभी जीवों के संरक्षण को लेकर अभियान जारी है। शाम 5 बजे वे विदिशा में सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और रात 8 बजे भोपाल लौटेंगे।
भोपाल नगर निगम की बैठक आज, विपक्ष का हंगामे का अंदेशा
राजधानी भोपाल में आज नगर निगम परिषद की बैठक होगी, जिसमें पानी, सड़क, स्ट्रीट लाइट जैसे जनहित के मुद्दों पर चर्चा होगी। विपक्ष ‘शहर सरकार’ को घेरेने की तैयारी में है। अधूरे हाउसिंग प्रोजेक्ट्स को लेकर भी हंगामे की संभावना जताई जा रही है।
राजधानी के कई इलाकों में आज बिजली गुल रहेगी
भोपाल के कई हिस्सों में गुरुवार को बिजली सप्लाई प्रभावित रहेगी।
- सुबह 10 से शाम 4 बजे तक एयरोसिटी कॉलोनी और आसपास के इलाके
- सुबह 10:30 से दोपहर 12:30 बजे तक जाटखेड़ी, 16 एकड़, खंजर मोहल्ला, बागमुगालिया बस्ती, भवानी नगर
- सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक कोरलवुड क्षेत्र
- सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पिपलिया पेंदे खां
- सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक एमएलए रेस्ट हाउस, नेहरू नगर, डीआरपी लाइन क्षेत्रों में बिजली सप्लाई बंद रहेगी।
जनजातीय संग्रहालय में प्रदर्शनी का आज आखिरी दिन
भोपाल स्थित जनजातीय संग्रहालय में गोंड जनजाति के चित्रकार दिनेश श्याम की कृतियों पर आधारित 65वीं शलाका चित्र प्रदर्शनी का आज अंतिम दिन है। इस प्रदर्शनी में जनजातीय कला और परंपराओं को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे हैं।



