मोंथा तूफान का छत्तीसगढ़ में दिखेगा असर , आज के कई इलाकों में झमाझम बारिश के आसार

कमजोर पड़ा चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’, अगले 12 घंटे में गहरे दबाव में बदलेगा रूप
रायपुर (शिखर दर्शन) // अरब सागर से उठा गंभीर चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब कमजोर होकर साधारण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिस्टम अगले 6 से 12 घंटों में गहरे दबाव (Deep Depression) में परिवर्तित हो सकता है। इसका असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
पूरे प्रदेश में बारिश के आसार
लेटेस्ट मौसम अपडेट के मुताबिक, मोंथा तूफान लगभग 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक के छींटे पड़ सकते हैं। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। हवा की गति 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
31 अक्टूबर तक रहेगा वर्षा का सिलसिला
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्षा का क्षेत्र धीरे-धीरे मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर केंद्रित होगा और 31 अक्टूबर तक लगातार वर्षा गतिविधियां जारी रहेंगी। अगले दो दिनों में बिलासपुर और सरगुजा संभाग के एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा और मेघगर्जन की संभावना बनी हुई है।
राजधानी रायपुर में भी बरसेंगे बादल
राजधानी रायपुर में आज आसमान में घने बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ वर्षा होने की संभावना है। तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की जा सकती है। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने दी सतर्कता की सलाह
मौसम विभाग ने नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने, खुले क्षेत्रों में बिजली गिरने से सावधानी बरतने और खेतों में काम कर रहे किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
