मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बगिया से रायपुर पहुंचेंगे, राजभवन में दिवाली मिलन समारोह में होंगे शामिल

रायपुर (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृहग्राम बगिया से रायपुर पहुंचेंगे। वे यहां राजभवन में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री साय दोपहर 12:00 बजे अपने निवास बगिया से रवाना होंगे और 12:05 बजे बगिया हेलीपैड से कनसाबेल के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके बाद दोपहर 1:15 बजे वे रायपुर के पुलिस ग्राउंड हेलीपैड पहुंचेंगे। शाम 6:25 बजे मुख्यमंत्री निवास से वे राजभवन के लिए रवाना होंगे, जहां राज्यपाल के साथ दीपावली मिलन समारोह में शिरकत करेंगे।
दिल्ली में कल कांग्रेस की अहम बैठक, छत्तीसगढ़ के बड़े नेता भी होंगे शामिल
नई दिल्ली // कांग्रेस संगठन सृजन को लेकर कल दिल्ली में बड़ी बैठक आयोजित होगी। इसकी अध्यक्षता कांग्रेस के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल करेंगे। बैठक में एआईसीसी के पर्यवेक्षकों के साथ वन-टू-वन चर्चा की जाएगी। छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रमुख नेताओं — प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और टी.एस. सिंहदेव — से भी व्यक्तिगत चर्चा होगी। जिलाध्यक्षों के चयन सहित संगठन के पुनर्गठन पर भी मंथन किया जाएगा।
जीएनएम नर्सिंग प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग आज से शुरू
रायपुर // संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ ने शासकीय और निजी जीएनएम प्रशिक्षण संस्थानों में सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन काउंसलिंग 22 अक्टूबर से 28 नवंबर तक चलेगी। आवेदन 22 अक्टूबर सुबह 11 बजे से 31 अक्टूबर शाम 4 बजे तक किए जा सकेंगे। प्रारंभिक सूची 3-4 नवंबर को जारी होगी, जबकि प्रथम चरण की काउंसलिंग 5 से 8 नवंबर तक चलेगी। 10-11 नवंबर को हितग्राही सूची और 12 से 14 नवंबर तक चयनित अभ्यर्थियों का प्रवेश होगा। मॉप-अप राउंड 15 से 17 नवंबर तक और अंतिम सीट आवंटन 24 से 25 नवंबर के बीच किया जाएगा। अंतिम प्रवेश प्रक्रिया 26 से 28 नवंबर तक पूरी होगी।
रायपुर में आज गोवर्धन पूजा महोत्सव की धूम
रायपुर // दीपावली के दूसरे दिन आज राजधानी रायपुर में जगह-जगह गोवर्धन पूजा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
- श्री ठाकुर रामचंद्र स्वामी जैतूसाव मठ, पुरानी बस्ती में दोपहर 1.30 बजे से गोवर्धन पूजा महोत्सव होगा।
- श्रीकृष्ण मंदिर यादव समाज सेवा समिति, यादवपारा श्यामनगर के तत्वावधान में शाम 5 बजे से गोवर्धन पूजा महोत्सव एवं नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।
- संकट मोचन वीर हनुमान मंदिर, बूढ़ेश्वर चौक में भी गोवर्धन पूजा मनाई जाएगी, जहां गायों को सोहाई बांधकर खिचड़ी खिलाई जाएगी। यह जानकारी मंदिर के महंत राजेश शर्मा ने दी है।



