छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम, दक्षिणी इलाकों में अगले 5 दिन तक बारिश के आसार

रायपुर (शिखर दर्शन) // दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया निम्न दाब क्षेत्र बन गया है, जिसके पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके असर से छत्तीसगढ़ के दक्षिणी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 24 अक्टूबर से मध्य और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में वर्षा गतिविधियों में वृद्धि हो सकती है।
अंबिकापुर में सबसे अधिक तापमान, बस्तर में हुई बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, जगदलपुर, मानपुर, छोटेडोंगर, बस्तर और लोहांडीगुड़ा में 1-1 सेंटीमीटर वर्षा हुई।
राजधानी रायपुर में बादलों का डेरा
राजधानी रायपुर में आज आकाश मेघमय रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि आज एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दो दिन बाद फिर बरस सकते हैं बादल
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल हल्की बारिश की स्थिति बनी हुई है, लेकिन दो दिन बाद फिर से वर्षा की संभावना बढ़ सकती है। दक्षिणी छत्तीसगढ़ में विशेषकर बस्तर, दंतेवाड़ा और सुकमा क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक छिटपुट वर्षा का दौर जारी रह सकता है।



