छत्तीसगढ़ में मानसून विदाई, दीपावली पर बारिश की संभावना बनी , दो दिन बाद कई जगहों पर पड़ सकती हैं बौछारें

रायपुर (शिखर दर्शन) // प्रदेश से मानसून की पूरी विदाई हो चुकी है और मौसम आज अधिकांश जगहों पर शुष्क रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं हुई। इस दौरान तापमान में अधिकतम 33.4 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और न्यूनतम 17.4 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार, उत्तर झारखंड और आसपास के क्षेत्र में एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है, जिसके कारण प्रदेश में आज मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए कोई चेतावनी नहीं जारी की है, लेकिन दो दिनों बाद प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इस हिसाब से दीपावली के दिन बारिश होने का अनुमान है, जो त्योहार की तैयारियों को प्रभावित कर सकती है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो मौसम विभाग के अनुसार आज यहां आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। तापमान 23 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जिससे दिन का मौसम सुखद और हल्का गर्म रहेगा।



