उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान: धर्मांतरण और चंगाई सभाओं पर जल्द लागू होगा सख्त कानून

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कलेक्टर-एसपी कॉन्फ्रेंस में धर्मांतरण और चंगाई सभाओं के मुद्दे पर गंभीर चर्चा हुई। बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मंगलवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रदेश में धर्मांतरण के खिलाफ जल्द ही सख्त कानून लाया जाएगा, जो देश का सबसे सशक्त कानून होगा। उन्होंने कहा कि चंगाई सभाएं बंद होनी चाहिए, क्योंकि ये लोगों को भ्रमित करने का माध्यम बन चुकी हैं।
उपमुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार धर्मांतरण के मामलों पर सख्ती से निगरानी कर रही है और किसी भी प्रकार की धार्मिक धोखाधड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करते हुए अवैध धर्मांतरण की गतिविधियों पर पूर्ण विराम लगाना है।
कमजोर प्रदर्शन पर एसपी को फटकार
बैठक में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री साय ने 3 से 4 जिलों के पुलिस अधीक्षकों को फटकार लगाई। इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सभी एसपी को स्पष्ट हिदायत दी है कि जिनका प्रदर्शन संतोषजनक नहीं है, उन्हें सुधार का यह आखिरी मौका दिया गया है। उन्होंने चेताया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रदर्शन में सुधार न होने पर सख्त निर्णय लिया जाएगा।
कांग्रेस पर पलटवार
बिहार चुनाव को लेकर कांग्रेस के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजय शर्मा ने कहा कि भाजपा के नेता और कार्यकर्ता अपनी रणनीति के अनुसार चुनाव में हिस्सा लेंगे, इसमें कांग्रेस को दखल नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं को यह भी बताना चाहिए कि उनकी पदयात्राओं का क्या परिणाम निकला। शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि अब देखना यह होगा कि कांग्रेस वहां जाकर वास्तव में चुनाव लड़ेगी या टिकटों की बिक्री करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार में एनडीए की सरकार मजबूती से बनेगी और सीटों का बंटवारा पूरी तरह तय हो चुका है।
यह बयान प्रदेश में राजनीतिक हलचल को और तेज कर गया है, जहां एक ओर धर्मांतरण विरोधी कानून पर चर्चा गर्म है, वहीं दूसरी ओर प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर भी सरकार ने कड़ा रुख दिखाया है।



